logo

कपकोट-बागेश्वर मुख्य मार्ग पर मलबे का खतरा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने BRO पर उठाए सवाल

खबर शेयर करें -

कपकोट। कपकोट-बागेश्वर मुख्य मार्ग पर जगह-जगह जमा मलबे को लेकर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने सीमा सड़क संगठन (BRO) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाला यह मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है और सड़क के ऊपर स्थित हरसिला-सीमा मार्ग से लगातार मलबा मुख्य सड़क पर पहुंच रहा है।
ललित फर्स्वाण ने कहा कि हरसिला-सीमा सड़क का सुव्यवस्थित संचालन नहीं होने के कारण भारी मात्रा में मलबा नीचे BRO के मुख्य मार्ग पर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि BRO द्वारा मलबे को पूरी तरह हटाने के बजाय सड़क किनारे ही जमा किया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान मलबा दोबारा मुख्य सड़क पर आने का खतरा बना हुआ है और मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग से सीमा क्षेत्र की ओर जाने वाले लोगों के साथ ही भराड़ी और बागेश्वर के बीच आवाजाही करने वाले हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पूर्व विधायक ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया के गृह क्षेत्र में ही क्षेत्र की प्रमुख सड़क की ऐसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए BRO की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हरसिला के समीप सड़क किनारे जमा मलबे को तत्काल हटाया जाए और मुख्य मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारू किया जाए। यदि विभाग ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में मलबा मुख्य सड़क के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की।

Share on whatsapp