बागेश्वर। बागेश्वर परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर आयोजित आमसभा के बाद एनएसयूआई और अभाविप से जुड़े छात्र-छात्राओं के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। आमसभा में छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं के बीच अपनी बातें और चुनावी मुद्दे रखे। आमसभा समाप्त होने के बाद परिसर में माहौल गरमा गया। एनएसयूआई प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन खारिज होने से नाराज उनके समर्थकों ने विरोध जताया। बताया दे कि राहुल कुमार के समर्थन में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के अलावा परिसर के अन्य छात्र-छात्राएं भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने नामांकन खारिज किए जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए अभाविप, परिसर निदेशक और छात्र कल्याण अधिष्ठाता पर सवाल उठाए। इसी दौरान कुछ छात्र-छात्राएं अभाविप के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी उमेश शाही का विरोध करते हुए नारेबाजी करने लगे। विरोध बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झड़प की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हो सका। घटना के बाद परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। एनएसयूआई समर्थक राहुल कुमार का नामांकन खारिज होने के मामले में पहले ही नामांकन प्रक्रिया दोबारा कराने की मांग उठा चुके हैं। आमसभा के बाद हुए इस घटनाक्रम से छात्रसंघ चुनाव को लेकर परिसर का माहौल और गरमा गया है।







