logo

नगर व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: नगर में आज प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में जिला व्यापार मंडल द्वारा आयोजित नगर व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भगवती पैलेस में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बता दे कि नगर व्यापार मंडल का चुनाव 21 सितंबर को संपन्न हुआ था, जिसमें अध्यक्ष पद पर सूरज जोशी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, उपाध्यक्षा माया गड़िया, महामंत्री देवेंद्र अधिकारी, सह सचिव योगेश पुना और कोषाध्यक्ष आलोक साह निर्वाचित हुए थे। यहां आयोजित कार्यक्रम में इन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल और विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास रहे, जिन्होंने पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम नगर के व्यापारिक वातावरण को सशक्त बनाने, स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और नगर के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि व्यापार मंडल केवल व्यापारिक संगठन नहीं, बल्कि नगर के आर्थिक विकास की धुरी है। संगठन को जनहित और व्यापारी हितों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अनिल कार्की ने किया। शपथ के बाद अध्यक्ष सूरज जोशी ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी पारदर्शिता और एकता के साथ व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर कार्य करेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बबलू नेगी, महामंत्री अनिल कार्की, उपाध्यक्ष राजेंद्र परिहार, प्रदेश संगठन मंत्री हरीश सोनी, नवीन लाल साह, उमेश साह, किशन सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share on whatsapp