logo

NH-309 पर निर्माण के नाम पर लापरवाही, कोजवे में फंसा ट्रक, ढाई घंटे तक जाम में फंसे दर्जनों वाहन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। बागेश्वर-ताकुला NH-309 पर निर्माण कार्य के बीच व्यवस्था की पोल खुल गई। आरटीओ कार्यालय से कुछ आगे निर्माणाधीन कोजवे में एक ट्रक फंस गया, जिसके बाद मार्ग के दोनों ओर दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। करीब ढाई घंटे तक लोगों को सड़क पर परेशान होना पड़ा, लेकिन फंसे ट्रक को निकालने के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आया।

जानकारी के अनुसार करीब 12 बजे ट्रक निर्माणाधीन कोजवे में फंस गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यात्री, वाहन चालक और स्थानीय लोग लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों की ओर से समय रहते मौके पर व्यवस्था नहीं की गई।

यह भी पढ़ें 👉  ऑनलाइन व्यवस्थाओं से पहाड़ में प्रधान परेशान, जिला प्रधान संगठन ने पंचायती राज मंत्री को दिया ज्ञापन

निर्माण कार्य चल रहा, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नदारद

स्थानीय लोगों के मुताबिक इस स्थान पर एनएच की ओर से सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माणाधीन हिस्से में वाहनों की आवाजाही के दौरान यदि कोई वाहन फंस जाए तो उसे निकालने, यातायात नियंत्रित करने और राहगीरों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और वैकल्पिक यातायात प्रबंधन होना जरूरी है, लेकिन मौके की स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें 👉  स्वतंत्रता दिवस को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट, एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश

सड़क पर फंसे लोगों ने बताया कि ट्रक फंसने के बाद लगातार संबंधित विभाग और लोगों को जानकारी दी गई, इसके बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के कारण पहले से ही सड़क पर आवाजाही प्रभावित है और यदि ऐसी स्थिति में तत्काल व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  कपकोट में वृहद स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं

लोगों ने एनएच अधिकारियों से निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने, फंसे वाहनों को तत्काल हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की मांग की है। साथ ही सवाल उठाया कि यदि निर्माण कार्य के दौरान किसी वाहन के फंसने पर उसे निकालने तक की व्यवस्था नहीं है, तो यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp