बागेश्वर : विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सख्त हुई नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
गरुड़ नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने गरुड़गंगावार्ड अंतर्गत इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों एवं पिंक शौचालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के समय सभासद बबीता नेगी एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी धीरज कांडपाल भी मौजूद रहे। अध्यक्ष भावना वर्मा ने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में तेज गति से और उच्च गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को पूर्ण करना है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने और नियमित निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पिंक शौचालय जैसी सुविधाएं महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए बेहद जरूरी हैं, इसलिए इनके निर्माण में विशेष सावधानी बरती जाए। स्थानीय लोगों ने भी निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष द्वारा की गई पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।








