त्योहारी भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल, अवैध पार्किंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बागेश्वर। आगामी नवरात्रि, रामलीला मंचन और दशहरा उत्सव को देखते हुए बागेश्वर पुलिस ने नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार मेहरा के निर्देश पर सोमवार, 12 अक्टूबर को नगर क्षेत्र के विभिन्न टैक्सी स्टैंडों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और त्योहारों के दौरान आमजन को जाम से राहत दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रभारी यातायात निरीक्षक अय्यूब अली के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने टैक्सी चालकों को बताया कि नवरात्रि, रामलीला और दशहरा के दौरान बाजारों तथा रामलीला मैदानों के आसपास वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि त्योहारों के व्यस्त समय में अनावश्यक रूप से निजी और व्यावसायिक वाहन लेकर बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करें, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो। साथ ही, सभी चालकों को अपने वाहन निर्धारित टैक्सी स्टैंड और चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने और जेल भेजने जैसी दंडात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।







