बागेश्वर। जन शिक्षण संस्थान बागेश्वर की बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना, प्रगति रिपोर्ट और आगामी गतिविधियों पर चर्चा की गई। इस दौरान संस्थान की ओर से स्थानीय हिमालयी जड़ी-बूटियों एवं प्राकृतिक वनस्पतियों से तैयार किए गए ‘हिमालयन हर्बल इन्फ्यूजन’ का विधिवत विमोचन किया गया।
बैठक में निदेशक डॉ. जितेंद्र तिवारी ने संस्थान की कार्ययोजना और अब तक की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बोर्ड सदस्यों ने कौशल विकास, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। आगामी कार्ययोजना में नए जॉब रोल, ड्राइविंग प्रशिक्षण, स्वरोजगार, बैंक लिंकेज, उद्यम पंजीकरण और प्रशिक्षणार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
सदस्यों ने सुझाव दिया कि संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को वीडियो और आंकड़ों के माध्यम से सामने लाया जाए। साथ ही उनके बैंक लिंकेज, उद्यम पंजीकरण, आर्टिजन कार्ड और अन्य उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।
इसी क्रम में स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका के अवसर विकसित करने की पहल के तहत संस्थान ने विभिन्न हिमालयी जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वनस्पतियों के संतुलित मिश्रण से ‘हिमालयन हर्बल इन्फ्यूजन’ तैयार किया है। इसका उद्देश्य स्थानीय संसाधनों को मूल्यवर्धित उत्पाद में बदलकर प्रशिक्षणार्थियों, शिल्पियों और स्थानीय उद्यमियों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्यों ने उत्पाद का विमोचन करते हुए इसे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और पहाड़ी संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। संस्थान की योजना इस उत्पाद को आगे ब्रांडिंग, बेहतर पैकेजिंग, उद्यम पंजीकरण, बैंक लिंकेज और बाजार से जोड़ने की है।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष दीपचंद पाठक, लीड बैंक अधिकारी सुखविंदर सिंह, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक अमित सिंह रावत, मुख्यमंत्री उद्यमशाला के प्रबंधक दिलीप सिंह कुलेगी, मीना खेतवाल, रेखा खेतवाल, सुनीता टम्टा, किरण जोशी, मीना बिष्ट, जिला सेवायोजन कार्यालय के नरेंद्र सिंह खेतवाल, होटल नरेंद्र पैलेस, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य शोभा, चंद्रा मेहता, हमारा ब्यूटी पार्लर की प्रोपराइटर सहित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संस्थान का कहना है कि ‘हिमालयन हर्बल इन्फ्यूजन’ की पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण को आजीविका से जोड़ते हुए स्थानीय संसाधनों से स्थानीय उद्यम विकसित करना है। भविष्य में ऐसे उत्पादों को बाजार से जोड़कर स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए स्थायी स्वरोजगार के अवसर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।








