कपकोट। वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम और जंगलों की सुरक्षा को लेकर कपकोट वन विभाग कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सरपंचों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा वन सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी ने लोगों को वनाग्नि से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फायर सीजन के दौरान यदि कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वन में आग लगाने वालों की सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। साथ ही ऐसी सूचना देने वाले व्यक्तियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा, ताकि लोग वन संरक्षण के लिए आगे आएं। बैठक के दौरान मौजूद सभी सरपंचों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वन सुरक्षा की शपथ भी ली और जंगलों को आग से बचाने में सहयोग का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसडीआरएफ के प्रभारी टीका कार्की, फायर विभाग से जगदीश कांडपाल, सहायक अभियंता सूरज चौबे, पूर्व सभासद तनुज तिरवा, सीआरसी भराड़ी खुशाल सिंह रावत, शिक्षक बलवंत सिंह ऐठानी सहित क्षेत्र के कई सरपंच और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








