बागेश्वर। बाबा बागनाथ मंदिर परिसर में स्वर्ण समाज के संगठन गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और एक सशक्त संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं का कहना था कि समाज में बिखराव के कारण कई बार लोगों को अपनी समस्याओं के लिए प्रभावी मंच नहीं मिल पाता है। ऐसे में सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती समय की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर अवसर और सुविधाएं मिलनी चाहिए तथा इस विषय को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए समाज को संगठित होना जरूरी है।
जगदीश पाठक ने कहा कि समाज को अब बिखराव से बाहर निकलकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के विरोध में खड़ा होना नहीं, बल्कि समाज के लोगों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखना होना चाहिए। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हित में आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को मजबूती से उठाने की बात कही।
वहीं दयाल पांडे ने कहा कि किसी भी समाज की ताकत उसकी एकजुटता में होती है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर एक मजबूत सामाजिक मंच तैयार किया जाना चाहिए, ताकि शिक्षा, रोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखा जा सके। उन्होंने युवाओं से भी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही अधिक से अधिक लोगों तक संगठन गठन और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग का संदेश पहुंचाया जाएगा। इसके बाद पुनः बैठक आयोजित कर संगठन के औपचारिक गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक में नवीन लाल साह, मानवेन्द्र पाठक, जगदीश जैकी पाठक, जगदीश पाठक, जगदीश सिंह नेगी, दीवान सिंह परिहार, हेमन्त कुमार साह, अंकुर उपाध्याय, संजय रावत, कवि जोशी, भास्कर तिवारी, कमला शर्मा, नीमा दफौटी, सरस्वती डालाकोटी, मंजू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







