कांडा। तहसील क्षेत्र के विजयपुर में भवन निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार बिगुल निवासी 38 वर्षीय सूरज कुमार पुत्र गोपाल राम विजयपुर में एक मकान के निर्माण कार्य में राजमिस्त्री के रूप में काम कर रहे थे। शनिवार को कार्य के दौरान वह लोहे का पाइप उठाकर दूसरी जगह रख रहे थे। इसी दौरान पाइप मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से सूरज कुमार गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया कि परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर कांडा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे बच्चों तथा वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान खंतोली कमल कुमार ने कहा कि सूरज कुमार परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।








