प्लांट बंद होने से 5000 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट, बैंक ऋण, आर्थिक पैकेज और रुकी पीएफ राशि जारी करने की मांग
बागेश्वर। अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड काफलीगैर की गंभीर आर्थिक स्थिति, बंद पड़ी मशीनरियों और कर्मचारियों के बकाए भुगतान को लेकर अल्मोड़ा मैग्नेसाइट वर्कर यूनियन ने आंदोलन तेज कर दिया है। यूनियन के पदाधिकारियों और प्रबंधन वर्ग के बीच हुई वार्ता के बाद अब कर्मचारियों ने 21 सितंबर से डीएम कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है।
यूनियन के अध्यक्ष शांति लाल और मंत्री गायत्री प्रसाद की ओर से डीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि कंपनी एक साल से अधिक समय से बिना कारण बंद पड़ी है। इससे कंपनी की मशीनों में जंग लग रहा है और करीब 20 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हो चुका है। कंपनी को सुचारू करने के लिए 10 करोड़ के बैंक ऋण और 10 करोड़ के आर्थिक सहायता पैकेज की सख्त जरूरत है, जो बिना बोर्ड बैठक के संभव नहीं है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बोर्ड बैठक बुलाकर ऋण और वित्तीय पैकेज मंजूर नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। यूनियन ने मांग उठाई है कि कंपनी का एक करोड़ 35 लाख रुपये का रुका पीएफ तत्काल जारी किया जाए, ताकि कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा व विवाह जैसे कार्य हो सकें। साथ ही 21 सितंबर से कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन भी ग्रेडवार वितरित किया जाए।







