बागेश्वर : कौसानी के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी बीडी जोशी को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया है। रामनगर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
होटल एसोसिएशन कौसानी के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने बताया कि राज्यभर से चयनित तीन होटल व्यवसायियों में बीडी जोशी का नाम शामिल होना पूरे कौसानी क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कौसानी होटल एसोसिएशन ने उनके सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जहां क्षेत्र के होटल व्यवसायियों ने एकजुट होकर उन्हें बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
इस मौके पर बीडी जोशी ने कौसानी में पर्यटन की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक इस दिशा में अपेक्षित स्तर पर कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने, हिमालय दर्शन के लिए हेली सेवा शुरू करने, नाइट बाजार विकसित करने, पैराग्लाइडिंग, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मंच तैयार करने, कौसानी-पिनाथ रोपवे और टी टूरिज्म जैसे प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने की मांग की।
कार्यक्रम में विपिन उप्रेती, हरीश खर्कवाल, अनिल बिष्ट, कुशाल रावत, हरेंद्र चिलवाल, मनोज बिष्ट, शेखर पांडे, पुष्कर कुमार और नंदन किरमोलिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








