logo

कौसानी होटल एसोसिएशन ने पर्यटक सुविधाओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर गरुड़। पर्यटन नगरी कौसानी में क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर बढ़ने वाली पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए होटल एसोसिएशन कौसानी ने प्रशासन का ध्यान बुनियादी सुविधाओं की ओर आकृष्ट कराया है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू नेगी के नेतृत्व में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल को विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से बबलू नेगी ने बताया कि क्रिसमस डे और 31 दिसंबर (न्यू ईयर ईव) के आयोजनों को लेकर होटल व्यवसायी पूरी तरह से तैयार हैं और पर्यटकों के स्वागत को लेकर उत्साहित भी हैं, लेकिन कुछ मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पर्यटकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि सर्द मौसम को देखते हुए कौसानी बाजार व पर्यटन स्थलों पर अलाव जलाने की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ठंड से राहत मिल सके। साथ ही रात्रि के समय सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए लाइटों की समुचित व्यवस्था आवश्यक है, क्योंकि कई स्थानों पर सोलर लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। इसके अलावा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, तथा नववर्ष के मद्देनज़र बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। होटल एसोसिएशन का कहना है कि स्वच्छता और रोशनी पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। होटल एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि इन सभी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, जिससे कौसानी आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र की पर्यटन छवि मजबूत हो।

यह भी पढ़ें 👉  भारी-भरकम बिजली बिलों से जनता परेशान, बिल ठीक नहीं हुए तो होगा आंदोलन : हरीश ऐठानी

इस पर उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल ने होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अलाव, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सहित सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। होटल व्यवसायियों का मानना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाती हैं तो इससे न केवल पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल से गौलापार शिफ्ट होगा हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को दिए सख्त निर्देश
Ad
Share on whatsapp