बागेश्वर। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में कपकोट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कपकोट में नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम वाछम निवासी 22 वर्षीय मनोज सिंह ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ यौन अपराध किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। तहरीर के आधार पर थाना कपकोट में मु0अ0सं0 61/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना कपकोट पुलिस को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार, 21 सितंबर 2026 को आरोपी मनोज सिंह पुत्र बलवंत सिंह, निवासी ग्राम वाछम, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल, हेड कांस्टेबल उमेद भंडारी और कांस्टेबल प्रकाश खेतवाल शामिल रहे।
बागेश्वर पुलिस के अनुसार, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







