बागेश्वर। कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रामगंगा नदी पर कालापैर-कापड़ी और नाचनी कस्बे को जोड़ने वाले प्रस्तावित झूला पुल का निर्माण दो वर्ष बाद भी शुरू नहीं होने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण नहीं होने से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के अनेक गांवों के लोगों को आज भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन चंद्र भट्ट तथा पार्टी नेताओं के साथ रामगंगा घाटी के भकुना, खेती, किसमिला, नाचनी, नामती चेताबगड़, माजखेत और लाती सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया और कहा कि कालापैर-कापड़ी झूला पुल का निर्माण लंबे समय से लंबित है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक दो वर्ष बीत जाने के बावजूद पुल निर्माण शुरू नहीं करा सके, जो विकास के प्रति उनकी कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि खड़लेख–बनारस–नामती चेताबगड़ मोटर मार्ग की स्थिति भी बेहद खराब है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फर्स्वाण ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से कालापैर-कापड़ी झूला पुल का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।








