बी.डी. पांडेय परिसर में गूंजा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश
बागेश्वर। माई भारत के तत्वावधान में बी.डी. पांडेय परिसर में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, घोषवाक्य लेखन, भाषण, लोकनृत्य, लोकसंगीत, रील एवं लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक और स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को सामने रखा। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए जागरूकता के साथ युवाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के समापन पर ‘नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव है’ का संदेश दिया गया।








