logo

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी का रोमांच, कथायतबाड़ा ने स्टेडियम ट्रेनीज को 3-2 से हराया

खबर शेयर करें -


बागेश्वर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को डिग्री कॉलेज खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। हॉकी क्लब कथायतबाड़ा ने स्टेडियम ट्रेनीज को 3-2 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।

खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी किरन परिहार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में जिले की दो टीमों ने प्रतिभाग किया और पुरुष वर्ग में कुल चार मैच खेले गए।
कथायतबाड़ा और स्टेडियम ट्रेनीज के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों ने तेज पासिंग, शानदार ड्रिब्लिंग और बेहतरीन तालमेल के दम पर एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, जिससे खेल प्रेमियों की नजरें लगातार मैदान पर टिकी रहीं। निर्धारित खेल के बाद हॉकी क्लब कथायतबाड़ा ने 3-2 के अंतर से जीत दर्ज की। एक गोल से पिछड़ने के बावजूद स्टेडियम ट्रेनीज के खिलाड़ियों ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन कथायतबाड़ा के खिलाड़ियों ने अंतिम क्षणों तक अपनी बढ़त बनाए रखी। जीत के बाद कथायतबाड़ा के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिला क्रीड़ा अधिकारी किरन परिहार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। वहीं हॉकी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी प्रतियोगिता होने से खिलाड़ियों में काफी उत्साह है। इस तरह के मुकाबलों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई। इस दौरान सहायक क्रीड़ा अधिकारी शिखा बिष्ट,गणेश धपोला,राजेंद्र दफौटी,सुंदर गढ़िया, सुंदर दानू ,खजान टंगड़िया आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp