बागेश्वर। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए शराब के नशे में वाहन चलाने वाले एक चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में 11 अगस्त को सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
इसी क्रम में झिरौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार संख्या HR55AK-8666 के चालक गिरीश चंद्र (36) निवासी नायल, झिरौली को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। पुलिस के मुताबिक चालक वाहन को खतरनाक तरीके से चला रहा था। उसका मेडिकल और एल्कोमीटर परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की तथा वाहन को सीज कर दिया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वाले सात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








