logo

बागेश्वर नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन, वक्ताओं ने दिया सामाजिक एकता और संस्कारों का संदेश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। महर्षि मार्कंडेय सनातन समिति के तत्वावधान में बागेश्वर नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना रहा।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता कमल (विभाग प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अल्मोड़ा) ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति की महत्ता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता पर प्रकाश डाला। वहीं महिला वक्ता रेखा खेतवाल ने नारी सशक्तिकरण, पारिवारिक संस्कार और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रेरक विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल बलवंत सिंह कपकोटी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं से राष्ट्र और समाज सेवा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। वहीं महंत सुंदर गिरी महाराज के ओजस्वी और प्रेरणादायी वक्तव्य से कार्यक्रम का माहौल और अधिक गरिमामय हो गया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आलोक पांडे, मोहिनी कोरंगा, किशन सिंह मलड़ा, योग गुरु केवलानंद जोशी, सतीश–नेहा मेहता एवं हीराराम को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मेलन में संरक्षक शेर सिंह मलड़ा, संयोजक इंद्र सिंह फर्स्वाण, सौरभ जोशी, दीपक खेतवाल, कमल बनकोटी, कोषाध्यक्ष मनमोहन भाकुनी, विवेक तिवारी, भास्कर दास, रमेश टाकुली, रमेश पाठक, डॉ. सागर, रमेश असवाल, तारा शंकर पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच, सांस्कृतिक चेतना और आपसी सहयोग की भावना को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Share on whatsapp