बागेश्वर
जनपद में कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कौशल समिति की बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS), पीएम-सेतु योजना तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षण संस्थानों को प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का डाटा साझा करने के निर्देश दिए, ताकि फीडबैक के माध्यम से प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं रोजगार की स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को किसानों, विशेषकर महिला किसानों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत पद्धतियों एवं आजीविका संवर्धन के नवाचारों की जानकारी मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS) के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक युवाओं को इससे जोड़ने के लिए डिग्री कॉलेजों में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







