logo

माँ नंदा भगवती महोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

खबर शेयर करें -

जयकारों और गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, झोड़ा-चांचरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दोफाड़। माँ नंदा भगवती महोत्सव दोफाड़ का पारंपरिक विधि-विधान और धार्मिक उत्साह के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन क्षेत्र में आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।
महोत्सव का शुभारंभ नागेश्वर मंदिर छातीखेत से माँ नंदा मंदिर दोफाड़ तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। गाजे-बाजे और माँ नंदा भगवती के जयकारों के बीच निकली यात्रा में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में शामिल होकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के माँ नंदा मंदिर परिसर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पंचआरती में हिस्सा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर माँ नंदा भगवती के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माता से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों ने माँ भगवती की भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। भक्तिमय गायन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया। वहीं स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर उत्साह बना रहा।
एनसीसी 81वीं बटालियन यूके दोफाड़ के कैडेट्स ने भी अपने जोशीले जयघोष से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। शाम को माँ नंदा प्रांगण में पारंपरिक झोड़ा-चांचरी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पारंपरिक लोकनृत्य और गीतों ने महोत्सव में पहाड़ की लोक संस्कृति के रंग भर दिए।
इससे पूर्व कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि बलवंत सिंह भौपाल एवं डॉ. नंदन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। अतिथियों ने आयोजन समिति को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेला समिति के सदस्य महोत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया, हरीश ऐठानी, विक्रम शाही, भगवत डसीला, ललित फर्स्वाण, लक्ष्मण देव, जगदीश कलाकोटी, एडवोकेट राजेश रौतेला, कैप्टन खुशाल सिंह, सुरेश सिंह, ग्राम प्रधान भास्कर सिंह, प्रकाश सिंह, विनोद सिंह, महेश कलाकोटी और हरीश कलाकोटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बागनाथ फुटबॉल अकादमी की दो बालिकाओं का राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम में चयन
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp