बागेश्वर। प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न के निर्देश पर कांडा तहसील के अंतर्गत ग्राम नरगोली में जंगली सूअर की बढ़ती गतिविधियों और मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका को देखते हुए बागेश्वर वन प्रभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। विभाग ने क्षेत्र में सुरक्षा एवं रोकथाम संबंधी आवश्यक कदम उठाते हुए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है।
वन विभाग की ओर से जंगली सूअर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी उपकरण स्थापित किए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों से वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने, अकेले जंगल अथवा संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने तथा जंगली सूअर दिखाई देने पर उसके निकट न जाने की अपील की गई है।
विभाग ने ग्रामीणों से किसी भी वन्यजीव की गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को देने का आग्रह किया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक निरोधात्मक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।








