बागेश्वर। युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के चौथे दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक अंक हासिल कर न्याय पंचायत फल्यांटी ने विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में विधानसभा बागेश्वर की विधायक पार्वती दास ने विजेता न्याय पंचायत फल्यांटी को एक लाख रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। चौथे दिन अंडर-19 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में फल्यांटी ने प्रथम, देवलधार ने द्वितीय और बैजनाथ ने तृतीय स्थान हासिल किया। कबड्डी में गढ़सेर प्रथम, रवाईखाल द्वितीय और बोहाला तृतीय रहा। वॉलीबाल में सानिउडियार ने पहला, स्टेडियम बागेश्वर ने दूसरा और बांजीरोड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पिट्टू में राजकीय इंटर कॉलेज मंडलसेरा प्रथम, डोबा द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज घिघारुतोला तृतीय रहा। मुर्गा झपट में मयंक हरड़िया प्रथम, रोहित टम्टा द्वितीय और आशीष तृतीय रहे। एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ में सुजल जोशी ने पहला, देव कुमार ने दूसरा और भास्कर साहिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर में लक्ष्मण कुमार प्रथम, देव कुमार द्वितीय और सुजल जोशी तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में लक्ष्मण कुमार ने पहला, बसंत कुमार ने दूसरा और विपुल कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर में सुंदर कुमार प्रथम, जय देव द्वितीय और हेमंत बहादुर तृतीय रहे। 1500 मीटर दौड़ में सूरज चंद्र कनेरा ने द्वितीय और सौरभ सिंह बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 3000 मीटर दौड़ में ऋतिक चंद्र प्रथम, सागर भंडारी द्वितीय और नीरज आर्या तृतीय रहे। लंबी कूद में हिमांशु धपोला प्रथम, राहुल कुमार द्वितीय और हिमांशु रौतेला तृतीय रहे। ऊंची कूद में मुकेश कुमार ने प्रथम, हिमांशु धपोला ने द्वितीय और मनीष राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। गोला क्षेपण में चंदन सिंह बिष्ट प्रथम, संजय कुमार द्वितीय और धीरेन्द्र सिंह परिहार तृतीय रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कोहली, गणेश धपोला, प्रदीप काकी, महिपाल गढ़िया, सुंदर गढ़िया, प्रदीप गढ़िया, रेखा ऐठानी, मनोज उपाध्याय, देव सिंह कोरंगा, कविता खेतवाल, आनंद कोरंगा, नरेंद्र माजिला और गीता खड़ाई सहित युवा कल्याण, खेल विभाग एवं शिक्षा विभाग के खेल प्रशिक्षकों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।







