बागेश्वर : मुख्य चिकित्सा कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग भारत सरकार द्वारा संचालित किलकारी एवं मोबाइल अकादमी कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने एवं इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में अरमान संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि किलकारी कार्यक्रम गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित पूर्णतः निःशुल्क मोबाइल आधारित सेवा है। इस सेवा के अंतर्गत भारत सरकार के नंबर 1600403660 से गर्भावस्था एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार 72 सप्ताह तक साप्ताहिक रूप से लाभार्थियों को दी जाती हैं। लाभार्थी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से 14423 या 1800532155 डायल कर भी किलकारी के संदेश सुन सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित मोबाइल अकादमी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक मोबाइल आधारित प्रशिक्षण कोर्स है, जिसके माध्यम से आशा कार्यकर्ता गर्भावस्था, प्रसव एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य से संबंधित प्रशिक्षण अपने मोबाइल फोन से ही प्राप्त कर सकती हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने कहा कि किलकारी सेवा को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने में अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि प्रत्येक लाभार्थी को किलकारी सेवा की जानकारी दी जाए तथा उनके मोबाइल फोन में किलकारी के नंबर सुरक्षित कराए जाएं। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज पुरोहित, जिला डाटा प्रबंधक नवीन शाही, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर भुवन जोशी आदि उपस्थित थे।








