सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी, अनुपस्थित सीएमओ, पीडब्ल्यूडी व एनएच अधिकारियों को नोटिस
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में विद्युत, पेयजल, आपदा, सड़क, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को जारी किए जा रहे त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभाग को रोस्टर तैयार कर विशेष अभियान चलाने, सभी गलत बिलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने तथा कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खराब मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी का मुद्दा भी उठा। इस पर जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों के साथ अलग से बैठक आयोजित कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।








