logo

जिला पंचायत सदस्यों ने योजना समिति बैठक पर उठाए सवाल,संविधान हाथ में लेकर जताया विरोध

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जनपद बागेश्वर में जिला पंचायत सदस्यों ने जिला योजना समिति की बैठक को लेकर गंभीर आपत्तियां उठाते हुए प्रभारी मंत्री राम सिंह कैडा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सदस्यों ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर विरोध दर्ज कराते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता और नियमों के पालन की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, गोपा धपोला, सरोज आर्य, भास्कर बोरा और सुंदर सिंह गढ़िया सहित अन्य सदस्यों ने समिति के गठन, कार्यप्रणाली और बैठक की वैधता पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि जिला योजना समिति की बैठक किस नियम के तहत आयोजित की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ज्ञापन के माध्यम से सदस्यों ने यह भी पूछा कि वर्तमान में समिति में किन-किन सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि अब तक समिति का विधिवत गठन ही नहीं हुआ है। ऐसे में बैठक आयोजित करना नियमों के विपरीत प्रतीत होता है। सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब समिति का गठन ही नहीं हुआ, तो बैठक में प्रस्तावित योजनाओं को किस आधार पर रखा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी बिंदुओं पर शीघ्र स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा बैठक को पूर्ण रूप से नियमानुसार आयोजित किया जाए। जिला पंचायत सदस्यों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगी गई सूचनाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तो इसे नियमों के विरुद्ध कार्य माना जाएगा और ऐसे में वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान संविधान हाथ में लेकर विरोध जताना उनके आक्रोश और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  डोबरगाड़ा में टूटी सुरक्षा दीवार से बढ़ा हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने लगाई मरम्मत की गुहार
Ad
Share on whatsapp