logo

जिला स्तरीय प्राथमिक खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में जनपद स्तरीय प्राथमिक खेलकूद प्रतियोगिता का आज पंडित बद्रीनाथ पांडे परिसर के खेल मैदान में हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर से आए छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं। विभिन्न खेल विधाओं के आयोजन से मैदान में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने किया। प्रतियोगिता में पहले दिन 100 मीटर दौड़, कबड्डी और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इसके अलावा 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, 50 मीटर स्प्रिंट, लंबी कूद और गोला फेंक की स्पर्धाएँ भी शामिल हैं। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेल मैदान में दमखम दिखाया। आयोजन समिति का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचान देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना भी जागृत करते हैं। इस मौके पर विधायक पार्वती दास ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से जीवन में अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना का प्रदर्शन है। जिला खेल समन्वयक प्रारंभिक महिपाल गड़िया ने बताया कि जिला स्तरीय प्राथमिक खेलकूद प्रतियोगिता में इस बार पूरे जनपद से 300 से अधिक छात्र-छात्राएँ हिस्सा ले रहे हैं। दो दिनों तक अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और गोला फेंक प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि, ऐसे आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। हमारा भी प्रयास है कि, बच्चों की प्रतिभा को एक मंच मिले और वे आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करें। 400 मीटर दौड़ बालक में प्रियांशु दानू प्रथम,दीपेश चंद्र द्वितीय और आर्यन कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ बालिका में रेखा थायत प्रथम,हेमलता द्वितीय और मीरा धर्मशक्तू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ बालिका में रश्मि प्रथम,आरुषि द्वितीय और बबली आर्य तृतीय स्थान पर रही। 600 मीटर दौड़ बालक में दीपक सिंह प्रथम, नैतिक द्वितीय और पवन गिरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विजेता प्रतिभागियों को विधायक और अन्य ने पुरस्कृत भी किया। इस दौरान हेम पांडे, पुरन भट्ट, कमला परिहार, शुभम साह, रोशन गड़िया,दीपक सिंह, पुष्कर सिंह, जानकी आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp