logo

लीती इंटर कॉलेज में शामा पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए साइबर ठगी से बचने के तरीके

खबर शेयर करें -

डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड को लेकर किया सतर्क, महिला सुरक्षा व आत्मरक्षा पर भी दी जानकारी

बागेश्वर। छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शामा पुलिस ने लीती इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों और आपात स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप के बारे में बताते हुए डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, संदिग्ध एपीके फाइल, केबीसी व लॉटरी के नाम पर ठगी, ओएलएक्स फ्रॉड और रिश्तेदार बनकर किए जाने वाले फर्जी कॉल से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी आगाह किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  यातायात नियम तोड़ने और शांति भंग करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्हें बताया गया कि बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री को देखना, डाउनलोड करना, अपने पास रखना या दूसरों तक पहुंचाना गंभीर कानूनी अपराध हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  52 घंटे की बर्फीली आफत के आगे थमा ट्रेल पास अभियान

कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, मानव तस्करी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर नोट करवाते हुए जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल करने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  पंचम सीमांत राज्यस्तरीय पर्वतीय विज्ञान महोत्सव का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

– 1930 — साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन
– 1933 — राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन
– 181 — महिला हेल्पलाइन
– 112 — आपातकालीन पुलिस सहायता
– 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन

शामा पुलिस के इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाने, महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देने और जरूरत के समय सही माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp