logo

जिला जज ने दिलाई बार संघ पदाधिकारियों को शपथ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिला बार संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण हो गया है। इस दौरान जिला एवं विशेष सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि बार तथा बेंच के मध्य मधुर संबंध बनाए रखने के लिए उन्हें एक दूसरे के प्रति सौम्य एवं शालीन व्यवहार बनाए रखना आवश्यक है। अपने आचरण एवं व्यवहार में अभद्रता, उद्दंडता एवं अश्लीलता को स्थान नहीं दिया जाना चाहिए। सौम्य एवं शालीन व्यवहार से कई बार कठिन से कठिन कार्य भी आसान हो जाते हैं।

आज स्थानीय होटल पर आयोजित जिला बार ऐसोसिएशन के शपथ कार्यक्रम को जिला जज संबोधित कर रहे थे। कहा कि बार एवं बेंच में चोली-दामन का साथ होता है। यह दोनों न्याय प्रशासन के अहम् अंग हैं। इनमें से किसी के भी अभाव में न्याय की परिकल्पना नहीं की जा सकती। जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने कहा कि अधिवक्ता को न्यायालय का अधिकारी माना जाता है। न्याय प्रशासन में उसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। अधिवक्ता का मुख्य कार्य न्याय प्रदान करने में न्यायालय की सहायता करना है।अधिवक्ता, न्याय प्रशासन में न्यायाधीशों के समान ही भागीदार होते हैं। उनका न्यायालय में सही तौर पर कार्य नहीं करना लोकतंत्र के लिए संकट पैदा कर सकता है। इस दौरान सिविल जज सीनियर डिविजन नीरज कुमार, सिविल जज जूनियर डिविजन पूनीत कुमार, वरिष्ठ नागरिक न्यास के अध्यक्ष दलीप सिंह खेतवाल, इंद्र सिंह परिहार, हरीश सोनी, ओम प्रकाश, अमर दफौटी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट मनोज जोशी ने किया।
——–
जिला बार के पदाधिकारियों ने ली शपथ
अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, उपाध्यक्ष आनंद सिंह गढ़िया, सचिव दिग्विजय सिंह जनौटी, उप सचिव पंकज धपोला, कोषाध्यक्ष गोविंद प्रताप सिंह ने पद तथा गोपनीयता की शपथ ली। अधिवक्ता बसंत बल्लभ पाठक को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp