भव्य प्रवेश द्वार और शिलापट्ट बनाने की मांग, विधायक ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
कपकोट, संवाददाता। फल्याटी-नामती-चेटाबगड़-भनार मोटर मार्ग पर महरगाड घाटी के एकमात्र स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. खुशाल सिंह कोश्यारी के नाम से लगाए गए बोर्ड को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज कोश्यारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान में केवल बोर्ड लगाना खानापूर्ति है। उनके नाम से भव्य प्रवेश द्वार और शिलापट्ट का निर्माण किया जाना चाहिए।
मनोज कोश्यारी ने कहा कि खुशाल सिंह कोश्यारी महरगाड घाटी के एकमात्र स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति को केवल एक बोर्ड तक सीमित रखना उनके योगदान के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य गांवों में स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर प्रवेश द्वार और शिलापट्ट बनाए गए हैं। इसी तर्ज पर फल्याटी-नामती-चेटाबगड़-भनार मोटर मार्ग पर भी उनके नाम से भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी नाराजगी जताई है। साथ ही विधायक सुरेश गड़िया को भी मामले से अवगत कराया गया है।
मनोज कोश्यारी ने संबंधित विभाग और विधायक से मांग की कि मामले में आवश्यक पहल करते हुए स्वतंत्रता सेनानी के नाम से सम्मानजनक प्रवेश द्वार और शिलापट्ट का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की मांग नहीं, बल्कि महरगाड घाटी के स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान की मांग है।
इधर विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि मामले को लेकर जल्द प्रशासन से वार्ता की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का सम्मान कर रही है।





