logo

21 साल से दुर्गम विद्यालय में तैनाती, तबादला नहीं होने पर शिक्षक ने शुरू किया मौनव्रत

खबर शेयर करें -

कांडा। राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला में तैनात सहायक अध्यापक धर्म सिंह ने एक ही दुर्गम विद्यालय में 21 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद स्थानांतरण नहीं होने पर विभाग के खिलाफ सांकेतिक विरोध शुरू कर दिया है। शिक्षक ने विद्यालय में पठन-पाठन की जिम्मेदारी निभाने के बाद दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक विद्यालय के प्रवेश स्थल पर बैठकर मौनव्रत और उपवास करने का निर्णय लिया है। इस दौरान वह काले कपड़े पहनकर और काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं।

शिक्षक ने इस संबंध में निदेशक माध्यमिक शिक्षा, उत्तराखंड देहरादून को पत्र भेजकर अपने सांकेतिक विरोध की पूर्व सूचना दी है। पत्र के अनुसार धर्म सिंह 19 सितंबर 2005 से लगातार राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला में सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2026 में उनकी एक ही विद्यालय में सेवा अवधि 21 वर्ष पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उनका कार्यस्थल गृह क्षेत्र से करीब 330 किलोमीटर दूर अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित है।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 150 से अधिक बच्चों ने किया प्रतिभाग

कई बार आवेदन के बावजूद नहीं हुआ तबादला

धर्म सिंह के अनुसार उन्होंने वर्ष 2026 की स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान भी तबादले के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका स्थानांतरण नहीं हो सका। इससे पहले भी वह कई बार विभाग के समक्ष स्थानांतरण के लिए प्रत्यावेदन दे चुके हैं। शिक्षक का कहना है कि लंबे समय से एक ही विद्यालय में तैनात शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर विभागीय स्तर पर आदेश और सूचनाएं जारी होती रही हैं, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया।
उन्होंने अपने पत्र में पत्नी की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि पत्नी की रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें नियमित रूप से उपचार के लिए चिकित्सकों के पास ले जाना पड़ता है।

यह भी पढ़ें 👉  गिरगिट’ के जरिए बच्चों ने समाज के दोहरे चरित्र पर किया करारा व्यंग्य

विद्यालय में स्थायी प्रवक्ताओं के पद भी खाली

शिक्षक ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया है। उनके अनुसार विद्यालय में नौ प्रवक्ताओं के पद हैं, लेकिन वर्तमान में एक भी स्थायी प्रवक्ता तैनात नहीं है। सहायक अध्यापक धर्म सिंह के पास प्रधानाचार्य का प्रभार भी है। उन्होंने विभाग से रिक्त पदों को भरने तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया पर कार्रवाई की मांग की है।

बोले- समाधान नहीं हुआ तो न्यायालय की शरण लेने को होंगे मजबूर

धर्म सिंह ने विभाग से अपने प्रत्यावेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि विभाग स्तर पर ही उनकी समस्या का समाधान हो, ताकि उन्हें न्यायालय की शरण लेने के लिए मजबूर न होना पड़े। शिक्षक ने पत्र में विद्यालय के आबादी क्षेत्र से दूर होने और क्षेत्र में जंगली जानवरों का भय बने रहने का भी उल्लेख किया है। उन्होंने अपने विरोध को शांतिपूर्ण और सांकेतिक बताया है। इस संबंध में उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर, माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा, सचिव विद्यालयी शिक्षा, उप जिलाधिकारी कांडा और विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी पत्र की प्रतियां भेजी हैं। पत्र के साथ पूर्व में दिए गए प्रत्यावेदनों की तिथियां भी संलग्न की गई हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष और अन्य व्यापारियों से मारपीट मामले में कार्रवाई न होने पर व्यापारियों में आक्रोश
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp