बागेश्वर: पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत कपकोट पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार से 26 पेटी अवैध शराब बरामद की और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार थाना कपकोट पुलिस टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK-02 B-4849 अल्टो कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 11 पेटी मैक्डॉवल नं. 1 रम, 05 पेटी बीयर और 10 पेटी 8 PM गोल्ड व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि शराब को अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था, जिसकी कोई वैध अनुमति नहीं थी। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान तनुज गढ़िया उर्फ तारा उम्र 19 वर्ष, निवासी लीली, थाना कपकोट और सुमित शाही उम्र 19 वर्ष, निवासी असो, थाना कपकोट के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना कपकोट में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन को सीज कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके ने बताया कि जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बागेश्वर पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।








