logo

राहुल कुमार के नामांकन पर विवाद, एबीवीपी बोली- उमेश शाही का निर्वाचन संवैधानिक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। छात्रसंघ चुनाव के तहत एनएसयूआई प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन रद्द होने के बाद बागेश्वर कैंपस में माहौल गरमा गया है। नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और अन्य छात्र-छात्राओं की ओर से एबीवीपी के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। इसी बीच शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा।
एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी उमेश सिंह शाही का निर्वाचन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हुआ है। परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ जोशी ने कहा कि संगठन ने चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह का गलत रास्ता नहीं अपनाया है। उन्होंने कहा कि राहुल कुमार का नामांकन रद्द करने का निर्णय कैंपस प्रशासन का स्वतंत्र फैसला है और इसमें एबीवीपी की कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि राहुल कुमार की ओर से नामांकन पत्र भरने में नियमों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी, जिसके चलते कैंपस प्रशासन ने नामांकन निरस्त किया। एबीवीपी नेताओं ने कहा कि प्रशासन ने किसी दबाव में आकर यह निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में संगठन पर लगाए जा रहे आरोप मनगढ़ंत और बेबुनियाद हैं।
उमेश सिंह शाही को निशाना बनाना गलत बताया
एबीवीपी नेताओं ने व्यक्ति विशेष के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि नामांकन पत्र नियमानुसार भरा गया होता तो उसे रद्द करने की स्थिति ही पैदा नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि अब नामांकन रद्द होने की जिम्मेदारी से बचने के लिए उमेश सिंह शाही को निशाना बनाया जा रहा है, जो उचित नहीं है।
परिषद ने कहा कि वह छात्र हितों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाती रहेगी। साथ ही संगठन ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के पालन को जरूरी बताते हुए कहा कि चुनाव को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर तथ्यों के आधार पर ही बात होनी चाहिए।
नामांकन रद्द होने के बाद दोनों छात्र संगठनों के बीच बढ़े विवाद के चलते कैंपस में छात्रसंघ चुनाव का माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  एमपैक्स को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करें: जिलाधिकारी
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp