logo

कत्यूर महोत्सव की स्टार नाइट में विवाद, विधायक के बयान पर बवाल, लच्छू पहाड़ी पर टिप्पणी से आक्रोश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर:
कत्यूर महोत्सव की स्टार नाइट उस समय विवादों में घिर गई, जब कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने मंच से गरुड़ के लोकप्रिय हास्य कलाकार एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य लच्छू पहाड़ी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। विधायक के इस बयान के बाद पूरे कत्यूर घाटी में आक्रोश फैल गया है।
मंच से जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने लच्छू पहाड़ी की लोकप्रियता और उनके चुनाव जीतने पर तंज कसते हुए कहा कि लोग भावुक होकर निर्णय ले लेते हैं और “लच्छू पहाड़ी नाचते-नाचते नेता बन गया।” इस बयान के सामने आते ही लोगों में नाराजगी बढ़ गई और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। “जनता भावुक नहीं, जागरूक है” जैसे नारों के साथ विधायक की आलोचना की जा रही है।
महोत्सव के मंच संचालक हरीश जोशी ने भी इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कत्यूर महोत्सव सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का मंच है, न कि राजनीतिक बयानबाजी का। उन्होंने संकेत दिए कि यदि ऐसे प्रयास जारी रहे तो वे भविष्य में आयोजन से दूरी बना सकते हैं।
क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने भी विधायक के बयान की आलोचना की है। उनका कहना है कि लच्छू पहाड़ी ने अपनी मेहनत और कला के दम पर पहचान बनाई है और उनकी लोकप्रियता को जनता की भावुकता बताना मतदाताओं का अपमान है। वहीं हाईकोर्ट अधिवक्ता डीके जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में जनसमर्थन और सेवा भाव ही असली पहचान होते हैं, किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व या पृष्ठभूमि पर टिप्पणी करना अनुचित है।
विवाद बढ़ने के बाद लच्छू पहाड़ी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों के साथ तहसील में ज्ञापन देंगे और विधायक से सार्वजनिक माफी की मांग करेंगे। उधर, बढ़ते विवाद के बीच विधायक सुरेश गढ़िया ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कलाकारों को मंच मिलने के संदर्भ में बात कही थी, लेकिन उसे अलग तरीके से लिया जा रहा है।

Share on whatsapp