logo

बागेश्वर में बोले कांग्रेस नेता,अंकिता हत्याकांड के ‘वीआईपी’ का पर्दाफाश करे सरकार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार को घेरा है। कांग्रेस कमेटी की बैठक में नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित वीआईपी की भूमिका सामने लाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से अपनी बेटी को न्याय दिलाने और मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या ने पूरी देवभूमि को झकझोर दिया था। जब प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर भरोसा नहीं रहा तो अंकिता के माता-पिता के साथ उत्तराखंड की मातृशक्ति, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। अंकिता के स्वजन लगातार इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने वनंत्रा रिजॉर्ट में हुई घटना के बाद कथित तौर पर हुई तोड़फोड़ को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर अंकिता की हत्या हुई, वहां साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के बजाय बुलडोजर की कार्रवाई कैसे हुई, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन की ओर से बुलडोजर कार्रवाई के आदेश नहीं दिए जाने की बात कही गई थी, ऐसे में यह पता लगाया जाना जरूरी है कि कार्रवाई किसके निर्देश पर हुई। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं। अंकिता के माता-पिता भी लगातार उस वीआईपी का नाम सामने लाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले में कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के साथ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जानी चाहिए और मामले में देरी को समाप्त कर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर लोकमणि पाठक, बालकृष्ण, लक्ष्मी धर्मशक्तू समेत पदाधिकारी मौजूद थे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पांच सूत्रीय मांगों को लेकर फार्मेसिस्टों ने खोला मोर्चा 31 अगस्त तक पत्राचार, सितंबर में काला फीता बांधकर करेंगे विरोध
Ad Ad
Share on whatsapp