बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट तहसील अंतर्गत मल्ला दानपुर क्षेत्र की आठ से नौ ग्राम सभाओं में बीते चार दिनों से मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। बीएसएनएल नेटवर्क बंद होने के कारण हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नेटवर्क न होने से न केवल आपसी संपर्क बाधित हुआ है, बल्कि ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग सेवाएं, सरकारी योजनाओं से जुड़ा कार्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आज के डिजिटल युग में संचार व्यवस्था का ठप होना जीवन को लगभग ठहरा देने जैसा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, व्यापारी वर्ग को लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बीमार लोगों को भी जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। बीएसएनएल की ओर से न तो कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही मरम्मत कार्य में तेजी दिखाई दे रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि जल्द से जल्द संचार व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और बीएसएनएल अधिकारियों से मांग की है कि तकनीकी टीम भेजकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र नेटवर्क बहाल नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द राहत दिलाने की मांग की है।








