नाबालिग बच्चों को दुकानों में काम करते पाया गया, परिजनों को दी चेतावनी
बागेश्वर। दीपावली पर्व के मद्देनज़र बाल मजदूरी रोकने के उद्देश्य से एंटी हियूमन टीम, बाल कल्याण समिति बागेश्वर और कोतवाली पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सरयू बगड़ क्षेत्र में पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान डीसीपीयू काउंसलर विनीता टम्टा, भारती खेतवाल, महिला हेल्पलाइन इंचार्ज एसआई मीना रावत एवं एसआई मनोहर चंद्र की टीम ने कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों में नाबालिग बच्चों को व्यापार में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए पाया गया। निरीक्षण दल ने मौके पर ही संबंधित बच्चों को दुकानों से हटवाया और उनके परिजनों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में बच्चों को किसी भी प्रकार के श्रम कार्य में न लगाया जाए। टीम ने दुकानदारों को भी बाल मजदूरी अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी और बताया कि नाबालिगों से काम करवाना कानूनी अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाल मजदूरी के मामले बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए ऐसे निरीक्षण लगातार किए जा रहे हैं ताकि किसी भी बच्चे का बचपन मजदूरी की भेंट न चढ़े। अभियान का उद्देश्य न केवल बाल अधिकारों की रक्षा करना है, बल्कि जनता में जागरूकता फैलाना भी है कि बच्चों का स्थान विद्यालय है, न कि दुकान या कार्यस्थल।








