बागेश्वर। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन राम दास की स्मृति में बागेश्वर में आयोजित ऑल इंडिया नाइन-ए-साइड प्राइज मनी ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को मुंबई और गोवा के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भारी बारिश के बीच दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और निर्धारित समय तक मुंबई व गोवा 3-3 गोल की बराबरी पर रहीं।
मुकाबले को देखने के लिए बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में पहुंचे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार गोल करने के प्रयास किए। मुकाबले के दौरान दोनों ओर से तीन-तीन गोल किए गए, जिससे मैच का रोमांच अंतिम क्षण तक बना रहा। मुकाबले की मुख्य अतिथि विधायक बागेश्वर पार्वती दास रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से जिले में फुटबॉल को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
फ्रेंड्स फुटबॉल क्लब के सचिव कमल साह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए कुल 46 टीमों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से टॉप 12 टीमों को मुख्य प्रतियोगिता में प्रवेश दिया गया है। प्रतियोगिता में मुंबई, गोवा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, मऊ, भिठोरिया हल्द्वानी, गढ़वाल डायमंड, नेपाल, मुनस्यारी और बरेली फसी समेत विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। दो टीमों में विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1 लाख 51 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इस दौरान अध्यक्ष मनोज कपकोटी,राजेंद्र भंडारी, कुलदीप मेहरा, किशन सोनी, तारा, सोमनाथ सोनी, आकाश कुमार, महेश पंत समेत आयोजक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। भारी बारिश के बावजूद मैदान में दर्शकों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।








