देहरादून। कृषि यंत्र खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला हरिद्वार जिले के खानपुर विकासखंड का है। शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का लाभ लेने को आवेदन किया था। आरोप है कि सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले हरिओम यादव, पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल और वर्तमान में सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। 18 अगस्त 2026 को टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई में जुटी है। कार्रवाई से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में सख्त संदेश गया है।







