logo

होली पर सेंट एडम्स स्कूल की बड़ी उपलब्धि, सैनिक स्कूल परीक्षा में 25 छात्र सफल

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। होली के पावन अवसर पर सेंट एडम्स स्कूल ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिखित चरण में विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
विद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार कक्षा 5 एवं 8 के कुल 30 विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 25 का चयन हुआ है। यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। इसमें सफलता विद्यार्थियों को बड़े प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के अनुभव से परिचित कराती है और भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होती है। विद्यालय के कई पूर्व छात्र वर्तमान में सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जिन्होंने इसी परीक्षा से अपने करियर की शुरुआत की थी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रज़िया सिद्दीकी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। प्रबंधक जावेद सिद्दीकी ने सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपप्रधानाचार्या अनामिका सिंह, भरत तिवारी एवं समस्त शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों को आगामी चरण — साक्षात्कार, काउंसलिंग और मेडिकल परीक्षण — के लिए गंभीरता से तैयारी करने को प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर शिव सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता ने भी विद्यालय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

Share on whatsapp