बागेश्वर : तहसील के ग्राम भीड़ी में अवैध रूप से खड़िया खनन किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव की महिला तथा ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर खड़िया खनन पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को ग्रामीण शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि तारा देवी पत्नी कस्तुबानंद तिाा हीरा देवी पत्नी त्रिलोचन पांडे की क्रमश: पांच-पांच नाली भूमि को खड़िया पट्टाधारक ने खोद दिया है। यह खुदान पूरी तरह अवैध है। उनसे इसकी कोई अनुमति भी नहीं ली गई है। जिसका मुआवजा भी उन्हें नहीं दिया गया है। उससे नुकसान की भरपाई के लिए कहा गया तो वह कह रहा है कि खड़िया निकासी होने के बाद देगा। जबकि खड़िया निकासी हो गई है। वह अब डराने तथा धमकाने लगा है। वह महिलाएं हैं तथा सुरक्षा की मांग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भीड़ी में पट्टाधारक पूरी तरह अवैध रूप से खनन कर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध खड़िया खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर वह आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।








