logo

बागेश्वर को मिलेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह, निर्माण प्रक्रिया तेज

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में राज्य संपत्ति विभाग ने बागेश्वर में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह निर्माण परियोजना को गति दे दी है। गुरुवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम ठेलापालन में बनने वाले राज्य अतिथि गृह की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) वर्तमान आवश्यकताओं के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए तथा निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह बागेश्वर तहसील के ग्राम ठेलापालन में लगभग 0.900 हेक्टेयर (45 नाली) भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतीय जनपद में सरकारी कार्यक्रमों, विशिष्ट अतिथियों के आवागमन तथा प्रशासनिक गतिविधियों के लिए बेहतर आवासीय और बैठक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर को निर्देशित किया कि डीपीआर में पर्याप्त संख्या में अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, प्रशासनिक कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो तथा भविष्य में बढ़ती आवश्यकताओं को भी पूरा करने में सक्षम हो। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान प्रस्तावित परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सचिव ने कहा कि भविष्य में गतिविधियों के विस्तार को देखते हुए पार्किंग क्षमता बढ़ाने की संभावनाओं को डीपीआर में शामिल किया जाए। इसके अलावा फर्नीचर, विद्युत उपकरणों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तृत प्रावधान करने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीपीआर के साथ स्थल चयन समिति की रिपोर्ट, ले-आउट स्वीकृति तथा अन्य आवश्यक अनुमतियां भी संलग्न की जाएं, ताकि परियोजना की स्वीकृति प्रक्रिया में किसी प्रकार का विलंब न हो और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर के अधिशासी अभियंता इंजी. एस.के. पाण्डे और सहायक अभियंता इंजी. तनीशा पांगती ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया।
सरकार का मानना है कि बागेश्वर में बनने वाला यह आधुनिक राज्य अतिथि गृह जिले में आने वाले विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार की सख्ती, अवैध प्लॉटिंग और रियल एस्टेट अनियमितताओं पर कसेगा शिकंजा, रेरा में बड़े सुधारों की तैयारी
Ad
Share on whatsapp