logo

कांडा में औषधि निरीक्षक का औचक निरीक्षण, 10 दवाओं के नमूने लिए

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और नियमानुसार क्रय-विक्रय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी ने कांडा क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में की गई।
अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के ड्रग स्टोर के साथ ही क्षेत्र में संचालित रिटेल एवं होलसेल मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। सीएचसी के ड्रग स्टोर में औषधियों के भंडारण की स्थिति, तापमान का रखरखाव, स्टॉक, एक्सपायरी एवं निकट-एक्सपायरी दवाओं, संबंधित अभिलेखों तथा मनःप्रभावी औषधियों के संधारण की जांच की गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए ड्रग स्टोर से पांच औषधि नमूने लिए गए।
वहीं रिटेल एवं होलसेल मेडिकल स्टोरों में औषधि अनुज्ञप्ति, खरीद-बिक्री संबंधी अभिलेख, स्टॉक, बिल एवं इनवॉइस, भंडारण व्यवस्था, एक्सपायरी दवाओं, लेबलिंग और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित अन्य वैधानिक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। यहां से भी पांच औषधि नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र किए गए।
इस तरह निरीक्षण के दौरान कुल 10 औषधि नमूने लिए गए। नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने संबंधित स्टोर प्रभारियों और मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं के उचित भंडारण, निर्धारित तापमान बनाए रखने, स्टॉक एवं क्रय-विक्रय अभिलेखों के नियमित संधारण तथा एक्सपायरी और निकट-एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने के निर्देश दिए। साथ ही Drugs & Cosmetics Act, 1940 एवं Drugs & Cosmetics Rules, 1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अभियान का उद्देश्य दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ मरीजों की सुरक्षा और औषधि कारोबार में नियमों के अनुपालन को मजबूत करना रहा।

Share on whatsapp