बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके के कुशल निर्देशन में बागेश्वर पुलिस लगातार “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” के अपने ध्येय वाक्य को सार्थक कर रही है। इसी क्रम में बागेश्वर यातायात पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक व्यक्ति का खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस लौटाया।
जानकारी के अनुसार यातायात प्रभारी उप निरीक्षक चन्दन सिंह भण्डारी एवं उनकी टीम पुराने सरयू पुल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने के दौरान ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान उन्हें पुल पर एक लावारिस पर्स पड़ा हुआ मिला।
पर्स की जांच करने पर उसमें लगभग 3,800 रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक एटीएम कार्ड एवं पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज पाए गए। ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पर्स स्वामी की पहचान कमल जोशी पुत्र हरिश्चंद्र जोशी, निवासी बिलोनासेरा, बागेश्वर के रूप में हुई।
यातायात पुलिस टीम द्वारा तत्काल संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया गया। पूरी जांच एवं पहचान की पुष्टि के बाद पर्स को नकदी व सभी दस्तावेजों सहित सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर कमल जोशी ने बागेश्वर पुलिस की ईमानदारी और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।








