बागेश्वर। भारतीय स्टेट बैंक ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को राहत देने के लिए रविवार, 27 सितंबर को सभी शाखाओं और कार्यालयों को सामान्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। बैंक के ई-परिपत्र के अनुसार, इस दिन शाखाओं में नियमित बैंकिंग कार्य होंगे।
SBI के बैंकिंग संचालन विभाग की ओर से 24 सितंबर को जारी परिपत्र में कहा गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक की अनुमति तथा वित्त मंत्रालय के 23 सितंबर के प्रेस नोट के मद्देनजर 27 सितंबर, रविवार को बैंक के लिए सामान्य कार्य दिवस माना जाएगा। इसके तहत बैंक की शाखाएं, प्रशासनिक कार्यालय, विभाग और अन्य प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के भी निर्देश
तीन दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए बैंक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। संबंधित शाखाओं और कार्यालयों को अपने क्षेत्र के पुलिस थानों से संपर्क कर 26 से 30 सितंबर तक बैंक परिसरों और अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने का अनुरोध करने को कहा गया है।
साथ ही, 27 सितंबर को सामान्य कामकाज तथा 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल की अवधि के दौरान किए गए पुलिस संबंधी पत्राचार का रिकॉर्ड रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधिकारियों से फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैंक प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को रविवार को सामान्य बैंकिंग संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने तथा मौजूदा सुरक्षा एवं संचालन संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।







