बागेश्वर। बागेश्वर परिसर में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन रद्द किए जाने को लेकर छात्रसंघ चुनाव मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशियों ने नाराजगी जताई। सभी प्रत्याशियों ने एकजुट होकर परिसर निदेशक और चुनाव प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और नामांकन प्रक्रिया दोबारा कराने की मांग की।
प्रत्याशियों का कहना है कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन रद्द किए जाने से चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मामले पर पुनर्विचार करते हुए नामांकन प्रक्रिया दोबारा कराई जाए, ताकि सभी प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने का समान अवसर मिल सके।
प्रत्याशियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से विरोध करेंगे और छात्रसंघ चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय ले सकते हैं। मामले को लेकर परिसर में छात्र राजनीति गरमा गई है। अब सभी की नजरें परिसर प्रशासन और चुनाव प्रभारी के अगले कदम पर टिकी हैं।







