बागेश्वर। सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में नौ अगस्त को जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों और पुलिस के आदेशों का उल्लंघन करने वाले 37 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि एक वाहन का कोर्ट चालान किया गया।
वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग और उत्पात करने वाले आठ व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा हुड़दंग और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अशांति या हुड़दंग की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।








