logo

गरुड़ में आंचल दुग्ध वाहन सेवा व मिल्क पार्लर का शुभारंभ, घर-घर पहुंचेगा शुद्ध दूध

खबर शेयर करें -

गरुड़ (बागेश्वर): विकासखंड गरुड़ में डेरी विकास विभाग द्वारा आंचल सचल मिल्क एटीएम दुग्ध वाहन के माध्यम से घर-घर आंचल ब्रांड का शुद्ध पाश्चुरीकृत तरल दूध एवं पैकेज्ड दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति का शुभारंभ किया गया। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को अब आसानी से गुणवत्तायुक्त दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट,जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा तथा डेरी विकास विभाग बागेश्वर के सहायक निदेशक अनुराग मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर गरुड़ टीट बाजार में आंचल मिल्क पार्लर का भी शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को आंचल ब्रांड के सहकारी शुद्ध दूध एवं विभिन्न दुग्ध उत्पाद एक ही स्थान पर सुलभ हो सकेंगे। बताया गया कि लंबे समय से गरुड़ क्षेत्र की जनता इस सुविधा की मांग कर रही थी, जिसे अब डेरी विकास विभाग ने अपनी कार्यदायी संस्था अल्मोड़ा दुग्ध संघ लिमिटेड के माध्यम से पूरा कर दिया है। इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि दुग्ध उत्पादकों को भी अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share on whatsapp