logo

बागेश्वर में भालू के हमले से 20 वर्षीय पोस्टमास्टर साइकिल सहित गिरे खाई में,हुई मौत, SDRF ने खाई से निकाला शव

खबर शेयर करें -

बागेश्वर (उत्तराखंड)।
जनपद बागेश्वर के सामा-मुनस्यारी मार्ग पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब एक 20 वर्षीय युवक की भालू के हमले से मौत हो गई। मृतक की पहचान यश शर्मा (पुत्र महेंद्र शर्मा), मूल निवासी महेंद्रगढ़, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बागेश्वर के समीप एक ग्रामीण क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत था।

मिली जानकारी के अनुसार, यश शर्मा रोज की तरह सुबह डाक लेकर अपनी साइकिल से रवाना हुआ था। इसी दौरान सामा-मुनस्यारी मार्ग पर एक घना जंगल पार करते समय अचानक एक जंगली भालू उसके पीछे पड़ गया। भालू को अपने पीछे देख यश घबरा गया और हड़बड़ी में उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में एक और शिक्षिका का फर्जी सीटीईटी अंकपत्र निकला

खाई में गिरते ही भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे यश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर लावारिस पड़ी साइकिल और चीखने की आवाजें सुनकर घटना की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दी।

यह भी पढ़ें 👉  भनारतोली में पोषण माह के तहत जागरूकता शिविर, पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला नियंत्रण कक्ष ने तुरंत SDRF को अलर्ट किया। SDRF की कपकोट पोस्ट से उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल पर रवाना हुई। टीम को दुर्गम और खतरनाक भू-भाग से गुजरते हुए घटनास्थल तक पहुँचने में घंटों का समय लग गया। SDRF कर्मियों ने खाई में उतरकर शव को स्ट्रेचर की मदद से ऊपर सड़क तक पहुँचाया।

इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और भालुओं की बढ़ती सक्रियता पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। वही डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बताया कि हमले को लेकर उनकी टीम जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

Share on whatsapp