कांडा। मलसूना गांव के सौक्योड़ा तोक निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मण सिंह राठौर पुत्र त्रिलोक सिंह राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मौत का कारण बिजली का करंट लगना बताया है। सूचना पर कमेड़ीदेवी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक की पत्नी हेमा राठौर ने बताया कि उनके पति कई दिनों से आंगन में लगे विद्युत पोल से करंट लीक होने की शिकायत कर रहे थे। उनका दावा है कि घर के पास लगे नल में भी करंट आ रहा था। मृतक के पुत्र उमेद राठौर ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता को इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। उन्होंने विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र राठौर ने भी घटना की जांच कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
पोल में करंट लीक होने की पुष्टि नहीं
वहीं, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच के दौरान विद्युत पोल में करंट लीक होने की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि मृतक को आंगन में लाकर रखा गया था। करंट पोल, घर की वायरिंग या किसी अन्य स्थान से लगा, इसकी जांच की जा रही है।
शनिवार को भी जेई ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसडीओ के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले को विद्युत सुरक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके बाद विभाग की ओर से मामले की विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी।







